Thursday, 31 January 2019

सत्य व्यास का ‘दिल्ली दरबार’, प्रेम और शाॅर्टकट से पटा पड़ा है

प्रेम को इस दुनिया की सबसे बेहतरीन इजाद कहा गया है। एक-दूसरे में खो जाना, प्रेम की तस्दीक में लगे रहना, उन प्रेमियों के हर किस्से में प्रेम होना। ऐसा ही तो प्रेम के बारे में कहा और सुना गया है। लेकिन जब दिल्ली के प्रेम के बारे में बात करते हैं। तो वो प्रेम अलग ही होता है। लड़की अच्छी लगी, तो अपने स्वैग से आई लव यू बोल दिया। बात बनी तो मौजा ही मौजा नहीं बनी तो फिर दूसरी आयेगी न। ऐसा ही है दिल्ली और यहां आने वाले लोग।



दिल्ली के बारे में और यहां के निखठ्ठेपन के बारे में बताती है दिल्ली दरबार। दिल्ली में कभी इंग्लैंड के राजा का दरबार लगा था और इस बार दरबार लगाने का काम किया है, सत्य व्यास ने। सत्य व्यास ने अब दिल्ली को लिखा है और इसके पहले बनारस के बारे में।
अगर न जोहरा-जबीनों के दरमियाँ गुजरे
तो फिर ये कैसे कटे जिंदगी, कहाँ गुजरे।

जिगर मुरादाबादी के इस दो पंक्ति से शुरू होता है सत्य व्यास का दिल्ली दरबार।

किताब का जैसा नाम है दिल्ली दरबार यानि कि कहानी दिल्ली के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें दिल्ली को ज्यादा कशिश से नहीं दिखाया है लेकिन दिल्ली के लोगों के बारे में, उनके कामों के बारे में और यह कि दिल्ली, दिल्ली वालों का तो कतई नहीं है। इस किताब में जैसे ही दिल्ली शुरू होता है उसके बाद दिल्ली खत्म ही नहीं होता है। कभी दिल्ली अस्पताल में होता है तो कभी वह दिल्ली मेट्रो में पहुंच जाता है। कभी वह दो प्रेमियों के बिस्तर पर होता है तो दो दोस्तों की गालियों में भी होता है दिल्ली। दिल्ली के कसीदे में कुछ बातें कसी हैं- सत्य व्यास ने।
छोटे शहर के छोटे सपनों को विस्तार देते शहर का उनवान है, दिल्ली। खानाबदोशों के मजमे का मैदान है, दिल्ली। यहां खानाबदोश कई शक्लों में आते हैं। मजदूर, मजबूर, खरीददार और सबसे ज्यादा बेरोजगार। हम यहां एक अलग ही नस्ल के खानादोश थे जो यहीं ठौर जमाने की सोचकर आते हैं। ऐसे खानाबदोश स्टूडेंट्स कहलाते हैं। स्टूडेंट्स, जो बेहतर जिंदगी की तलाश में अपना शहर छोड़ते तो हैं; मगर फिर कभी अपने शहर लौट ही नहीं पाते। यह शहर, दिल्ली खुद चाहे जितनी भी दफा पामाल हुई हो, खानाबदोशों का स्वागत खुले दिल से ही करती रही है।

दिल्ली दरबार के बारे में

दिल्ली दरबार, एक प्रेम पुजारी की कहानी है। एक लापारवाह इश्किए की कहानी है जो अपना हर काम इश्क में करता और जुगाड़ में लगा ही रहता। उसके इश्किए को दो ही काम थे एक प्रेम करना और दूसरा हर समस्या का शाॅटकर्ट निकाल लेना। दिल्ली दरबार एक मनोरंजन टेक्नो जैसी कहानी है जिसमें पहले प्यार होता, फिर टूटता और जिम्मेदार प्यार हो जाता। बस दिल्ली दरबार में सिर्फ वही और वही है। इनके अलावा भी कई लोग हैं जो बस उस इश्किए की कहानी पूरी करने के लिए बने हैं।

किताब का कुछ अंश

उस रोज दो घटनाएं हुई थीं। दिन में मुहल्ले वालों ने शुक्ला जी के टीवी पर रामायण देखा था और रात में महाभारत हो गया था। दिन में सीता जी अपनी कुटिया से गायब हुईं थीं और रात में गीता जी (शुक्ला जी की बेटी) अपनी खटिया से। सीता जी जब गायब हुईं तो रावण के पुष्पक विमान पर नजर आईं। गीता जी जब गायब हुईं तो पुजारी जी के मचान पर नजर आईं। रावण ने सीताहरण में बल प्रयोग किया था। पुजारी जी के बेटे देवदत्त मिश्रा ने गीतावरण में लव प्रयोग किया था। सीता जी को पुष्पक विमान पर जटायु ने देखा था और उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की थी। गीताजी को पुजारी के मचान पर जटाशंकर चाचा ने देख लिया था और बात फैलाने की भरपूर कोशिश की थी। (बात फैलाने में कोई कोताही नहीं की)

खैर, वो वक्त कुछ दूसरा था। नादानों के कन्यादान में देर नहीं की जाती थी और अफवाह उड़ने से पहले विवाह की खबर उड़ा दी जाती थी। पकड़ुआ लव अक्सर अरेंज मैरेज में तब्दील कर दिया जाता था। सो, पुजारी जी और शुक्ला जी ने भी मिल कर देवदत्त और गीता जी का विवाह करा दिया और जैसा कि होना था, राहुल मिश्रा पैदा हुए।
राहुल मिश्रा कौन? जी, राहुल मिश्रा वह जिनकी यह कहानी है।
कहते हैं कि बच्चे के भविष्य में उसके जन्म के साल के ग्रह-नक्षत्रों का बहुत योगदान होता है। राहुल मिश्रा जिस साल पैदा हुए उस साल फिल्मी दुनिया में प्यार, हमारी दुनिया में तकरार और आभासी दुनिया में ऑप्टिकल फाइबर के तार तेजी से फैल रहे थे। जाहिर था कि इसका असर राहुल मिश्रा पर भी पड़ना था। पड़ा भी।
खैर, इधर राहुल मिश्रा पैदा हुए और उधर राहुल के पिताजी की नौकरी की डाक आई थी। देवदत्त मिश्रा को गांव-घर छोड़ कर टाटानगर आने का सरकारी फरमान जारी हुआ था। वो आखिरी दिन था जिस दिन राहुल मिश्रा के पिता खुश हुए थे। क्योंकि उसके बाद तो।
राहुल मिश्रा धरती पर आ चुके थे।

कहानी

कहानी उस दौर की है जब तकनीक इंसान से ज्यादा स्मार्ट होकर उसकी हथेलियों में आनी शुरू हो गई थी। नई तकनीकों ने नई तरकीबों को जन्म देना शुरू ही किया था। यह पूरी किताब राहुल मिश्रा पर रचित है। कहानी शुरू होती है टा से टानगर से और फिर पहुंच जाते हैं दिल्ली। जहां हर दिन, हर रात, हर पल कांड होते ही रहते। इसमें उनके साथी होते झाड़ी यानि कि मोहित मिश्रा। मोहित मिश्रा जो इस किताब के नैरेटर हैं। किताब में झाड़ी पढ़ाकू टाईप का है और राहुल मिश्रा वहीं है। एक बिहारी सब पर भारी। राहुल मिश्रा और झाड़ी दिल्ली में आते तो हैं पढ़ने लेकिन उन्हें घर में ही एक और पढ़ाई मिल जाती है, परिधि। फिर क्या था पढ़ाई गई तेल लेने। राहुल मिश्रा खेलते रासलीला और झाड़ी कमरे के बाहर पहरा देते। परिधि यानि कि मकान मालिक बटुक शर्मा की बेटी। जो कंजूस तो था, लेकिन अपनी इज्जत के लिए कुछ भी कर सकता था और उसी इज्जत के डर ने उनकी आखिर लुटाई हो जाती है।
राहुल मिश्रा को परिधि के बाद नई लड़की मिली, लेकिन दोनों के काम निकलने के बाद एक खतरनाक रीजन से ब्रेकअप भी हो गया। लेकिन फिर कहानी में राहुल मिश्रा के साथ ऐसा कुछ होता है कि वे मजाकिया और लफाड़े राहुल मिश्रा से एक जिम्मेदार राहुल मिश्रा बन जाते हैं जो सिर्फ और सिर्फ परिधि को अपना बनाना चाहते हैं। लेकिन समस्या यह आती है कि राहुल मिश्रा अपने जोश भरे अंदाज में बटुक शर्मा यानि ससुर का पूरा मोबाईल वही इंग्लिश वाली वीडियो से भी देते हैं।

खतरनाक कारनामा

राहुल मिश्रा के कमरे में एक छोटू भी था जो हर रोज खाना बनाने आता था। जिसको राहुल मिश्रा हर रोज डांट-पटकता था। राहुल मिश्रा ने एक शाॅटकर्ट निकाला था अपने मालिक के किराये से बचने के लिये। लकिन आलसी राहुल मिश्रा ने अपने आलस में कुछ काम छोटू को दे दिये। ये समझकर कि पागल है। लेकिन एक दिन बटुक मिश्रा के अकाउंट से लाखों रूपये का चूरन लग जाता है। तब राहुल मिश्रा को पता लगता है कि काट गया है हम सबका छोटू।

अंत भला सो सब भला

राहुल मिश्रा ने पढ़ाई तो कभी की नहीं थी, लेकिन जुगाड़ बहुत की थी। अब जो अपने माई लव को पाने के लिये बटुक शर्मा का दिल जीतना जरूरी था और वो सिर्फ जीत सकते थे, नौकरी से। फिर क्या था पुरानी डार्लिंग के जासूसी में मिल गई नौकरी। रिस्क था, लेकिन राहुल मिश्रा ऐसा गुल्ल खिलाये कि नौकरी मे सबसे ऊपर थे राहुल मिश्रा। इसके बाद तो वही बात हो गई कि मिश्राजी जिम्मेदार आशिक तो बन गये, लेकिन शाॅटकर्ट लगाना कभी नहीं छोड़े।

किताब की खूबी

इस किताब में सत्य व्यास ने हर बार की तरह अपने ढंग में लिखा है दोस्ताना भरे अंदाज में। आप दिल्ली के हो य न हों लेकिन अगर आपके पास राहुल मिश्रा जैसा जुगाड़ू और झाड़ी जैसा हरदम तैयार दोस्त है तो समझ लो कि यह कहानी तुम्हारी है। इसके लेखन में तो गजब का जादू है जो प्रेमियों के बीच, जिसमें खोने का मन करता है, हंसने का मन करता है। कुल मिलाकर हम जैसों को तो पढ़कर मजा आया। किताब के किरदार काल्पनिक हो सकते हैं लेकिन उनकी बातें बढ़ी शायराना सी हैं।

किताब की कमी

कहते हैं कि पहली चीज हरदम अच्छी होती है और दूसरी थोड़ी कमजोर। ऐसा ही कुछ दिल्ली दरबार में मुझे लगा। ऐसा इसलिए क्योंकि मैंने सत्य व्यास की बनारस टाॅकीज पढ़ी है। दिल्ली दरबार पूरी तरह से एक किरदार में घूमती रहती है जो इतना रोचकता नहीं दे पाता है। ये कहानी एक फिल्म की तरह है जिसमें हीरो है, लव है, साजिश है और अंत मे सब बढिया है। कलम में थोड़ी कमी सी लगी मुझे। जो दिल्ली के न होकर दिल्ली के प्रेमी हैं, बस वही तो है ‘दिल्ली दरबार’।
दिल्ली दरबार में दिल्ली है, प्रेम है, जुगाड़ है, गुदगुदाने वाले थोड़े सीन भी हैं और मजाकिये लहजे वाला प्यार है जो बाद में एक जिम्मेदार बनाकर उभरता है। बस यही कुछ हुआ है इस दिल्ली दरबार में।
नाम- दिल्ली दरबार
लेखक- सत्य व्यास
प्रकाशक- हिंदी युग्म
।

‘‘यार कुछ ऐसी ही मेरी भी कहानी है, बस थोड़ा इधर का उधर है।’’- बनारस टाकीज़

कहते हैं कि किताबें हमारी सबसे अच्छी दोस्त होती हैं और अगर किताब कोई ऐसी मिल जाये जिसको पढ़कर लगे ‘‘यार कुछ ऐसी ही मेरी भी कहानी है, बस थोड़ा इधर का उधर है।’’ तो वही सुकून मिलता है जो एक प्यासे को पानी पीने के बाद मिलता है और शिकारी को अपना शिकार मिलने के बाद, जो खुशी होती है। बस वही खुशी मुझे ‘बनारस टाॅकीज’ को पढ़कर हुई।


हर घटना के पीछे कोई कारण होता है। संभव है कि यह घटित होते वक्त आपको न दिखे; जब यह सामने आएगा, आप सन्न रह जायेंगे।- ज़िग ज़िग्लर

इस वाक्य के साथ शुरू होती है सत्य व्यास की बहुचर्चित किताब ‘बनारस टाॅकीज’।

इस किताब के शीर्षक से ही पता चलता है कि यह किताब बनारस के ऊपर है। इसमें लेखक ने सिर्फ बनारस को लिखा ही नहीं है, बल्कि बनारस की मिठास को घोल दिया है। जो भी इसको पढ़ेगा, उसको पक्का बनारस से प्यार हो जायेगा। इस किताब में बनारस की वो ठेठ बोली भी है और जहां बनारस है वहां महादेव न हो, ऐसा हो नहीं सकता। यहां सबके दिल में महादेव और मुंह में उनका प्रसाद है। यहां लंका गेट भी और अस्सी घाट भी है।

अस्सी घाट। दक्षिण से उत्तर की ओर जाते हुए पहला घाट। वरूणा और अस्सी नदियों के संगम का घाट। संतों का घाट, चंटों का घाट। कवियों का घाट, छवियों का घाट। गंजेड़ियों का घाट, भँगेड़ियों का घाट। मेरा घाट, दादा का घाट। हमारा घाट।

बनारस टाॅकीज के बारे में


बनारस टाॅकीज बनारस यूनिवर्सिटी के भगवानदास होस्टल में रहने वाले भविष्य के वकीलों, मजिस्ट्रेट और जजों की कहानी है। वैसे तो इसमें बहुत से किरदार हैं। लेकिन किताब के पहले पन्ने पर बता दिया जाता है कि यह मुख्यतः तीन दोस्तों पर गढ़ी हुई कहानी है। जिसमें एक सूरज बाबा हैं, अनुराग डे हैं और जयवर्धने हैं। इनके अलावा रोशन हैं, नवेंदु जी हैं, दूबे जी हैं और शिखा है जिसकी प्रेम कहानी भी इसमें गढ़ी है। इनका परिचय सत्य व्यास बड़े रोचकता से देते हैं।

“रूम नंबर -73 में जाइए और जाकर पूछिये की भगवान दास कौन थे? जवाब मिलेगा ‘घंटा’! ये हैं जयवर्धन शर्मा जो बिहार से हैं। लेक्चर, घंटा! लेक्चरर, घंटा! भगवान, घंटा! गलत कहते हैं कहनेवाले की दुनिया किसी त्रिशूल पर टिकी है। यह दरअसल, जयवर्धन शर्मा की ‘घंटे’ पर टिकी हैय और वो खुद अपनी कहावतों पर टीके हैं। हर बात पर एक कहावत कहते हैं। उनकी कुछ कहावते, जैसे- ‘गई मांगने पूत को, खो गई भतार!’
‘बुड़बक की यारी और भादो में उजियारी!’
‘खुरपी के वियाह में, सुप का गीत!’
‘आन्हर गुरु बहिर चेला, मांगे गुड़ ता दे दे ढेला!’

ये कहावते खासकर यूपी-बिहार में खूब प्रचलित है और सत्य व्यास ने इनका बिलकुल सही जगह पर उचित अर्थ के साथ उपयोग किया है। इसके अलावे लोकल बोली का भी इस्तेमाल किया गया है जो इस किताब को एक अलग ही रूप देता है। और बनारस का रंग भर देती है।

ये तो थी जयवर्धन की बात। पर सभी दोस्त कुछ इसी तरह के थे। अनुराग डे दृ क्रिकेट प्रेमी और बातें भी क्रिकेट के स्टाइल में करते हैं! ‘अरे साल, का लेक्चर है जैसे की गार्नर का बाउंसर!’ कुछ इस तरह। इनके रूम पार्टनर हैं- सूरज ‘बाबा’। सूरज को गल्र्स हॉस्टल में कुछ ज्यादा ही इंटरेस्ट है। इनकी माने तो।  ‘A B C D E F G का मतलब-। A boy can do every thing for girls.’

पूरी किताब उन तीनों के तीन साल के फेस तक चलती है। उनका हर एक किस्सा भगवानदास हाॅस्टल से ही जुड़ा होता है। वे रैगिंग से लेकर प्यार, मस्ती, खिचाई, टीचर की डाॅट खाना ये सब उन सबके साथ होता है। लेकिन पूरी किताब में कहानी कहीं भी कमजोर नहीं पड़ती है। इस किताब में लेखक की शैली की दादा देनी होगी कि उसने कहानी को इस प्रकार लिखा है कि आप एक बार शुरू हो जायें। तो बस लगे कि पढते जाओ। इसमें तीनों किरदारों का समान रूप से इंसाफ किया गया है। तीनों की बोलने की शैली अलग और उसी को पढ़कर कोई हंसे बिना नहीं रूक सकता।

एक साजिश


किताब को हम पढ़ते जाते हैं और घुलते जाते हैं। हमारे मन में हंसी के न जाने कितने ठहाके लग गये होते हैं। लेकिन जैसे-जैसे हम आगे बढ़ते जाते हैं। तब एक ऐसा चैप्टर भी आता है। जो सारी घटनाओं को जोड़ देता है। जैसा कि किताब के पहले पन्ने पर लेखक ने लिखा है ‘‘हर घटना के पीछे कोई न कोई कारण होता है।’’ शुरू में न मैंने उसको सीरियस लिया था और न ही कोई लेगा। लेकिन जब अंत में इसके पन्ने खुलेंगे तब आपको वह कथन जरूर याद आयेगा। भगवानदास  हाॅस्टल में एक ऐसी साजिश होती है जो उनकी जिंदगी में भूचाल ला देता है और बनारस को भी हिला देती है। बस इस किताब में यही एक ऐसी चीज है जो आपके अंदर गंभीरता और घबराहट पैदा करेगी।

एक प्रेम कहानी भी है!


भारत के हर काॅलेज में प्रेम कहानी होती है। उसी तरह इसमें भी एक प्रेम कहानी है। जिसमें शुरूआत नाराजगी, तकरार और लड़ाई होती है। यह प्रेम कहानी होती है सूरज बाबा और शिखा की। लेकिन रांझणा का वो डाॅयलाग याद है न ‘‘ये बनारस है और लौंडा साला यहां भी हार गया तो जीतेगा कहाँ’’। बस वो बात यहां भी लागू होती है। पहले दोस्ती और फिर हो जाता प्यार का खुमार। फिर मुंह गालियों की जगह शायरियां और गजलें बरसने लगती। ऐसी ही इनकी लव स्टोरी है। लंका गेट से काॅलेज में साथ ही होते है। साथ में लंका गेट जाते और अस्सी घाट भी। अंत में इनकी कहानी भी सुखद ही जाती है।

किताब की खूबी


किताब की खूबी यह है कि इसमें लेखक की लेखनी बड़ी दमदार है। वो हमें अंत तक बांधी रखता है। उसके शब्द आसान लेकिन मजेदार होते हैं। उसको पढ़कर ऐसे लगता है कि जब वह सब  हो रहा था तब वह साथ ही लिख भी रहा था। जो हाॅस्टल में पढ़े हैं , उनको यह किताब बहुत पसंद आयेगी। उनको लगेगा जैसे कि वे खुद को पढ़ रहे हैं। कहानी को पढ़कर लगता नहीं है कि इसमें कोई भी चीज काल्पनिक है। हर स्थान वास्तविक है और हर किरदार अपने में जी रहा है।

इस किताब में मेरा कहीं भी फ्लो नहीं टूटा। यही बताता है कि इसमें कमी नहीं है। जो लोग हाॅस्टल वाली लाइफ नहीं जिये हैं, शायद उनको यह किताब पढ़कर अच्छी न लगे। लेकिन अगर उन्होंने भी अपने दोस्तों से जय-वीरू वाली दोस्ती की है तो उनको भी इसमें कोई कमी नहीं मिलेगी।

दोस्तों वाली, मस्ती वाली, हाॅस्टल लाइफ वाली, एक प्रेम कहानी, बनारस से प्यार करने सिखाने वाली किताब है ‘बनारस टाॅकीज’। शुरूआत गुदगुदाने से शुरू होती है और अंजाम थोड़ा गंभीर हो जाता है। एक पढ़ने और हमेशा के लिए याद रखने वाली किताब है ‘बनारस टाॅकीज’।

नाम- बनारस टॉकीजलेखक- सत्य व्यासप्रकाशक- हिन्दी युग्म।

चौरासीः उस सन्नाटे भरी रात में उस शहर से प्रेम और विश्वास छिटक गया

हर शहर की एक अपनी कहानी होती है, हर शहर कुछ कहता है। लोग उनको किस्सों में याद रखें या न रखें पर शहर अपनी कहता रहेगा। कभी वो कहानी प्यार की होगी तो कभी कोई तारीख होगी जिसे शहर याद करता रहेगा। सत्य व्यास की ‘चौरासी’ एक शहर की कहानी है जिसमें दो प्रेमियों की जुगलबंदी है, मनाना-रूठना है और स्वच्छंद प्यार है।


चौरासी से याद आता है 1984। जब एक घटना ने पूरे देश को तोड़ दिया था। उसी चौरासी के प्रभाव में स्टील प्लांट शहर बोकारो भी आ जाता है। इस किताब में  उसी बोकारो ने अपनी कहानी खुद बताई है जिसमें प्यार से लेकर वो क्रूरता, निर्दयता है। जिसके ख्याल से आप खिन्न हो उठेंगे। चौरासी, वो साल जिसने एक अपने ने, दूसरे अपने का विश्वास खो दिया था।

सत्य व्यास मूल रूप से बलिया उत्तर प्र्देश के रहने वाले हैं। आज की पीढ़ी के सबसे पढ़े जाने वाले लेखकों में से एक। सत्य व्यास अपनी पहली किताब ‘बनारस टाॅकीज’ से ही चर्चा में आ गये थे। दिल्ली दरबार के बाद, चौरासी उनकी कलम से निकली तीसरी किताब है। उनकी लेखनी में गजब का जादू है जो पाठक में एक जुड़ाव बनाये रखती है। चौरासी में पहली बार उन्होंने उस मजाकिया और भदेस अंदाज को छोड़ा है। जो बनारस टाॅकीज और दिल्ली दरबार में दिखा था।

चौरासी 


शहर है बोकारो। दौर है चौरासी का। उसी शहर में ऋषि पंजाबी किराएदार के यहां रहता है। उनकी लड़की भी है, मनु। लड़का जो पूरे शहर पर तो रौब जमाता है लेकिन लड़की के सामने फुस्स हो जाता है। मनु, ऋषि की ऐसी गलती पकड़ लेती है। जिस पर वह कुछ भी करवा सकती है। अगले दिन से ऋषि हर रोज मनु के घर जाता और ट्यूशन पढ़ाने की हाजिरी लगाता।

कहानी चौरासी  की है लेकिन घूमती ऋषि और मनु के बीच ही है। एक और किरदार होता है मकान मालिक छावड़ा, जो मनु के पिता भी हैं। ऋषि और मनु के बीच रोज का मिलना और ख्याल रखना, उनके बीच एक नये एहसास के बीज बो देता है।

वो एहसास प्रेम में बदल जाता है और प्रेम शरारतों में बदल जाता है। दुनिया से छुपकर प्रेम की सारी कलाएं दोनों बिखरते हैं। कभी कबूतर उड़ाने के बहाने तो कभी छठ की पूजा के बहाने। दोनों की गलबगियों के बीच स्वर्ण मंदिर पर हमले की खबरें आती रहती हैं। जिससे छावड़ा जी तो परेशान हो जाते हैं लेकिन वो प्रेमी-जोड़े नहीं जिन्हें दुनिया से मतलब ही नहीं था। वो तो अपने प्यार में घुल-मिल रहे थे। उसके बाद किताब का पन्ना पलटता है जिसमें अखबार की एक खबर लगी होती है और तारीख दर्ज होती है, 31 अक्टूबर 1984।

कहानी में मोड़ आता है और जो एक रात लेकर आता है। बस वो रात हिंदुओं और सिखों को अलग कर देती है। एक भीड़ जो सिखों को नोच-खा रही थी, जो अचानक से निर्दयी हो गई थी। उनके हाथों में हथियार नहीं था लेकिन एक शैतान था जो बदला लेने की बात कर रहे थे। वो सड़कों पर निकल आये, घरों में घुसने लगे और लोगों को जलाने-मारने लगे और उसकी शुरूआत हुई गुरनामे से। वो बोकारो शहर खून से लाल होने लगा जो सुबह तक हंस रहा था।


कहानी अपनी निर्ममता पर आ जाती है और एक प्रेमी को मजबूर होकर भीड़ में शामिल कर देती है। ऋषि को अपने परिवार को बचाना था। उसका परिवार मनु थी। उस प्यार के लिए वो उन दंगई में शामिल हो गया। वो रात भर घूमता रहा एक राॅड लेकर जिसने अपने सामने ही कितने को ही जलते देखा। वो लंबी रात जब खत्म हुई थी तो काफी कुछ बदल चुका था। उसके बाद बोकारो न मनु का रहा और न ऋषि का।

प्रेम और भीड़ की क्रूरता के बाद कहानी का तीसरा और आखिरी पड़ाव भी है। मनु और ऋषि के बिछड़ने का और फिर उसके गम में रोने का। पाने के लिए भरसक कोशिश करना और बदनाम होना। आखिर में एक झोंका आता है। जो मनु और ऋषि को कहीं दूर ले जाता है।

किताब की खूबी


किताब की सबसे बड़ी खूबी है इसकी कहानी। जब आप प्रेम के पड़ाव में होंगे तो आप दर-दर मुस्कुराएंगे लेकिन फिर वो रात का दौर आता है जिसे पढ़कर मन खिन्न-खिन्न होने लगता है, कुलबुलाहट होने लगती है और मन कह रहा होता है ‘जल्दी सुबह हो जा’। इसके अलावा शब्द और वाक्य बड़े मजेदार हैं, कुछ तो प्रेम के डायलाॅग हैं। किताब में बार-बार बताया जाता है प्रेम से सीखना।

कुछ अंश ‘चौरासी’ से


साले गद्दार! राज करेंगे! सुन बे! पगड़ी खोल साले की। चीखते हुए तीसरे ने सुक्खा की पगड़ी खोलनी शुरू कर दी। सुक्खा में प्रतिरोध करने की शक्ति भी नहीं बची थी। उसने सुक्खा की पगड़ी उसक गले में ही बांध दी और दूसरा सिरा बस के पीछे बांधकर चला दी। दस फर्लांग चलने के बाद बस पीपल के पेड़ से टकराकर रूक गई। सुक्खा मर गया। वह घिसनटने के पहले मरा या बाद में मरा; यह जानने में किसी की भी दिलचस्पी नहीं थी। न ही फायदा। फायदा बटुए में था जिसका नुकसान हो चुका था।

सत्य व्यास की ये किताब लेखनी और कहानी में अव्वल है। ‘बनारस टाॅकीज’ और ‘दिल्ली दरबार’ अलग विषय की कहानी थी। जिसमें प्यार और दोस्ती थी। उसको अलग तरीके से लिखा गया था लेकिन ‘चौरासी’ एक अलग कहानी है। ये उस दौर के प्रेम की, डर की और सन्नाटे की कहानी है जो एक रात में पसर गया था। लेखक ने उस समय के हालात से हमें रूबरू कराया। लेखक की ये कहानी पहले प्रेम से रौनक लाती है और फिर क्रूरता से कुलबुलाहट करने की कोशिश करते हैं। कहानी का अंत ऐसा है कि पढ़ने वाला आगे के बारे में अंदाजा लगाएगा। मानो लेखक ने पाठक पर छोड़ दिया हो जो अच्छा लगे वो रख लो।

बुक- चौरासीलेखक- सत्य व्यासप्रकाशन- हिंद युग्म।



कस्तूरबा की रहस्यमय डायरी में महात्मा गांधी के बारे में ऐसी बातें हैं जो उनकी महानता से अलग है

महात्मा गांधी के बारे में इस समय दो विचार बार-बार टकराते हैं। एक जो कहते हैं गांधी जैसा महान दूजा कोई नहीं है। दूसरा इसके विपरीत है जिसमें वे अंग्रेजों के साथ का और भगत सिंह की फांसी को वजह बता देते। गांधी महान थे इस बात में कोई संदेह नहीं है। गांधी को सबसे ज्यादा कौन जानता है? हम, जिन्होंने सिर्फ किताबों और भाषणों में गांधी को देखा है। मोहनदास को महात्मा बनते देखने वाला एक ही व्यक्ति है, कस्तूरबा गांधी।


कस्तूरबा गांधी की डायरी में महात्मा गांधी की वो बातें हैं जिसको पढ़कर महात्मा गांधी के बारे में एक अलग सी जानकारी मिलती है। जो बा के हर कदम-कदम की कहानी है। जिसके हर फेस में महात्मा गांधी हैं। कस्तूरबा ने वो रात देखी जब हताशा से गांधी रो रहे थे, एक कठोर पिता और पति बनते देखा है और फिर देश की आजादी के लिये हर पल-पल लड़ते रहे।

किताब की लेखिका।
इस किताब की लेखिका हैं नीलिमा डालमिया आधार। नीलिमा ने दिल्ली के काॅन्वेंट स्कूल से स्कूलिंग की और मनोविज्ञान से मास्टर्स किया। नीलिमा ने 2003 में फादर डियरेस्टः द लाइफ एंड टाइम्स आॅॅ आर के डालमिया लिखी। जो उस साल बेस्टसेलर किताबों में शामिल हो गई। उसके बाद 2007 में मर्चेंट्स आॅफ डेथ लिखी। ‘कस्तूरबा की रहस्मयी डायरी’ किताब का हिन्दी अनुवाद शुचिता मीतल ने किया है।

किताब के बारे में


किताब शुरू होती है एक तारीख से, एक कमरे से। जो अगरबत्ती की खुशबू से भरा रहता है। उस कमरे में कई लोग जमा हैं लेकिन दो बुत ऐसे हैं जिन्होंने कई साल एक साथ बिताये हैं। एक शरीर जो सफेद कपड़े में लपेटा जा चुका है और दूसरा जो उसे अपना फैसला न सुना सका।

कहानी अचानक से पीछे चली जाती है। जब एक तरफ एक लड़की का जन्म होता है और कुछ सालों बाद उसी लड़की के पति का। जो आगे चलकर अपने कई फैसले उस पर थोप देता है और दुनिया के सामने महान बन जाता है। ये कस्तूरबा गांधी की डायरी है जो सिर्फ कस्तूरबा गांधी की डायरी नहीं है। इसमें महात्मा गांधी की महानता की बात भी है, उनका संघर्ष और परिवार के प्रति दिखता कठोर रूप। इसमें एक बेटे की कहानी भी है जो बापू जैसा होने के कारण बापू का आलोचक बना।

इस डायरी में शुरूआती जीवन गांधी का बिल्कुल सामान्य ही था। जो टूटने पर अपनी पत्नी के सामने रोता था, जिसे बस पैसे कमाने थे। उन्हीं दिनों महात्मा अफ्रीका गये और पढ़कर लौटे। वे अपनी पत्नी पर नियंत्रण रखना चाहते थे। जो उनके पितृसत्तामक बनने की शुरूआत थी। ये तब तक चलता रहा, जब तक आगा खां के महल में कस्तूरबा गांधी की मृत्यु नहीं हो गई।

एक कठोर पिता


अचानक महात्मा गांधी समाज के कल्याण में लग जाते हैं और यही सादापन उनको महानता की ओर ले जाता है। लेकिन उनका सादापन उनके तक सीमित नहीं था। वो पूरे परिवार, समाज पर लागू कर देते। ये नियम एक प्रकार से थोपे गये होते हैं जिनकी पीठ पीछे बुराई की जाती। वही सादापन उनको बेटों के प्रति कठोर बना देता। वे अपने बेटों को पढ़ाने के लिए स्कूल नहीं भेजते और उसी कठोरता का नाशक बना, बड़ा बेटा हरिलाल। कठोर पिता का एक और किस्सा है जब गांधीजी को पता चला कि उनका बेटा प्रेम में है तो उन्होंने उसे 12 साल के लिए आश्रम से निकाल दिया।


पूरी किताब गांधी को महान बताती आई। लेकिन समाज से एक अलग रूप उनका परिवार के प्रति दिखता, एकदम कठोर। अपने बेटों और पत्नी के लिख पत्र बताते कि अब उनकी लेखनी और दिल निष्ठुर हो चुके हैं। महात्मा गांधी बाल विवाह के विरोधी तो दिखते हैं लेकिन दूसरी जाति के विवाह की बात आती है तो उनमें एक अलग सा गुस्सा दिखाई पड़ता है।

महात्मा गांधी महान


महात्मा गांधी एक महापुरूष थे। जिन्होंने देश और देशवासियों के भले के लिए अपना और अपने परिवार का जीवन न्यौछावर कर दिया। एक समय तो ऐसा था जब पूरा गांधी परिवार जेल में था। महात्मा गांधी ने अफ्रीका जाकर अपने देशवासियों के लिए लड़ाई लड़ी। वे चाहते पैसे कमाकर देश वापिस लौट सकते थे। लेकिन वहीं सीढ़ी तो उनको महानता के पायदान पर ले गई।

जब उनका बेटा उनको गाली दे रहा था। तब वे एक तरफ रात को उसका दुख मनाते और सुबह देश की आजादी के लिए लग जाते। ये किताब गांधी से ज्यादा कस्तूरबा गांधी के संघर्ष की कहानी है। जो एक कमरे से निकलकर जेल गईं और पित्तसत्तामक वाली धारणा को तोड़कर रख दिया। गांधीजी एक अच्छे पति नहीं बन सके लेकिन बा एक अच्छी पत्नी भी थीं और उम्दा समाजसेविका।

किताब की खूबी


किताब की खूबी इसकी लेखनी है। एक अलग सा ही धारा प्रवाह है, जो आपको पढ़ने पर मजबूर कर देता है। एक समालोचना के तहत इस किताब को लिखा गया है। वो भाव लेखिका पाठक तक पहुंचाना चाहती हैं। उसे आराम से पाठक खुद पर हावी होते पा सकता है। 550 पेज की मोटी किताब आपको आगे बढ़ने पर मजबूर कर ही देती है। किताब सिर्फ एक ही पक्ष नहीं बताती है, सारे पक्षों पर ध्यान देकर लिखा गया है।

किताब का अंश


रुकिए! मैं भीड़ वाला भाग देखती हूं। मैं गोडसे को ग्रे टी शर्ट और ढीली-ढीली पैंट पहने देखती हूं जिसका एक हाथ जेब में है। मैं उसके बैरेटा का सेफ्टी कैच रिलीज होने का क्लिक सुनती हूं। यह मानव दीवार से कुल दो कदम दूर है। दो सेकेंड में ही वह करीब आ जाता है। मनु भी उसी देखती है। उसे लगता है वो भी भीड़ का ही भक्त है। उसने उसे छिपे हुए बेरेटा पर उसकी उंगलियों की गिरफ्त मजबूत करते नहीं देखा है।

कस्तूरबा गांधी पर ये किताब शानदार है जो दर दर बढ़ती है और चरम पर ले जाती है। जो हमें महात्मा गांधी के कई रूपों से मिलाती है। एक खराब पति और पिता के रूप में, एक अच्छे देशभक्त के रूप में। किताब में कस्तूरबा हर बात अपने ही नजरिये से बताती हैं। वे महात्मा गांधी की छाया बनी रहती हैं अंत तक। जब तक वे गोडसे की गोली से गिरकर हे राम नहीं बोल देते। महात्मा गांधी महान बन पाये क्योंकि उनके साथ बा थीं।

किताब- कस्तूरबा की रहस्मयी डायरी
लेखिका- नीलिमा डालमिया आधार
अनुवाद हिंदी- शुचिता मीतल
प्रकाशन- वैस्टलैंड पब्लिकेशन लिमिटेड।

चाय, चायः एक दिलचस्प सफरनामा, जो आपको उन जगहों की खो में ले जाता है

किताब पाठक को रोचक तभी लगती है जब उसकी भाषा और शब्द पढ़कर वो भी एक घोल में चला जाये। जहां पाठक लिखते समय गया था। अगर किताब कहानी नहीं है तो मुश्किल हो जाता है उस बात को बताना जो लेखक सच में बताना चाहता है। लेखक की यह शैली किताब को बेहतरीन की श्रेणी में ले जाती है। चाय,चाय ऐसी ही किताब है जो आपको शब्दों के जरिए कुछ शहरों में घूमाती है। चाय, चाय एक बेहद ही सरल रूप में लिखे गए कुछ यात्रा विवरण है जो उस शहर की कहानी सुनाते हैं। कभी वो शहर चाय की चुस्कियों में उबाल ले रहा होता तो कभी रात के अंधेरे में किसी बार में।


लेखक- बिश्वनाथ घोष

इस किताब के लेखक हैं बिश्वनाथ घोष। घोष का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ। पेशे से वे एक पत्रकार हैं। आठ साल तक दिल्ली में रहकर पत्रकारिता की और फिर 2001 से चेन्नई के न्यू इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप में शामिल हो गये। तब से वे वही है। उनकी कलम बिना रूकी चलती है मानो जो सोच रहे हों, जो बोल रहे हों वो लिख दिया हो। ये किताब मूलतः अंग्रेजी में लिखी गई है। जिसका हिंदी अनुवाद शुचिता मीतल ने किया है।


चाय, चाय


भारतीय रेल एक जगह है जो पटरियों पर बना हुआ है। उसी के मध्य हैं जाने कितने कस्बे, गांव और शहर। कुछ शहर वो भी है जो रेलवे के हिसाब से बहुत महत्वपूर्ण हैं लेकिन उन शहरों को कोई अंदर से नहीं झांकता। ऐसे शहर पड़ाव तो हैं लेकिन मंजिल नहीं।

लेखक कुछ ऐसे ही शहर चुन लेता है और बारी-बारी रेल के उन छोटे कस्बों में जाता है जिन्हें हम बस जंक्शन के तौर पर याद करते हैं। इसमें वो शुरूआत करता है मुगलसराय से, फिर झांसी, वहां से चलते हुये वो इटारसी और फिर दक्षिण के ऐसे ही जंक्शनों पर जाता है। लेखक हर जगह 2-3 दिन गुजारता है। वहां के लोगों के बारे में बताता है। जो वो देख रहा होता है उसको लिखता जाता है।

लेखक जो देख रहा है उसको लिखता नहीं है। वो ढ़ूंढ़ता है उन कहानियों को जो उसे अतीत में घसीटे ले जाती हैं। वो उन शहरों के बुजुर्गों को ढ़ूढंता है जो उस पल के साक्षी रहे थे। उन पलों में मुगलसराय से दीनदयाल उपाध्याय की हत्या का साक्षी भी मिलता है और वो पुजारी भी जो इटारसी का पुराना पुजारी रहता है।

सभी शहर रेल से एक से ही दिखते हैं। लगता है हर शहर की एक ही कहानी है लेकिन जब तक शहर में घुसेंगे नहीं तो शहर अपना रंग कैसे दिखायेगा। कैसे पता चलेगा कि झांसी भड़कीला है शोरानूर शांत है।

किताब की कहानी जैसी लिखी है। कहानी शहरों की जिसे लेखक ने खंगाला है रेलवे के अधिकारी से लेकर ठेले वाले तक। लेखक सबकी विशेषता बताता है टैक्सी वालों की और अपनी भी। वो जो नहीं कह पाता उसको भी किताब में डाला गया है। इन कस्बों का सफरनामा दिलचस्प है, वो दिलचस्प लग रहे थे क्योंकि लेखक ने शानदार वर्णन किया है। पढ़ते-पढ़ते आपको लगेगा कि आप उस शहर में घूम रहे हैं। जब किताब पढ़ते हैं तो हमारे दिमाग में भी एक छवि बनने लगती है जो कभी गुंटकल के सुनसान इलाके की होती है तो कभी उस हिल्स स्टेशन की जो बस नाम मात्र का हिल्स स्टेशन था।

किताब में जानकारी है जो आपको उस जगह पर जाने के लिए लालियत करती है। एक एहसास है जो किताब की शुरूआत से लेकर अंत तक बना रहता है। इस किताब को पढ़कर लगता है हमें भी बस निकल जाना चाहिए उन कस्बों में, उन जगहों पर जिनको बस सुना है, झांका है रेल की खिड़कियों से और चाय की चुस्कियों के साथ आगे बढ़ जाते हैं।


किताब का अंश


‘‘अचानक मुझे लगा मेरे कान फिर से लाल हो गए हैं और मेरी टांगें कांपने लगी हैं। मैंने संजय को बताया कि वो आ रही है, मगर उसने भाव नहीं दर्शाया। उसने कहा कि वो कई मर्तबा उसे अमनदीप की दुकान पर देख चुका है, लेकिन इससे ज्यादा जानकारी उसने खुद से नहीं दी। मुझे भी उससे कुछ पूछने में झिझक हो रही थी- वो बहुत ज्यादा छोटा था।
          मंजू के आने से पहले खाना आ गया, और रोटियों का तीसरा दौर चल ही रहा था जब मैंने ढाबे के बाहर दो औरतों को खड़े देखा। ग्राहक पहले ही उनकी तरफ नजर डालने लगे थे। वो दो औरतें थीं- एक गोरे रंग की, थोड़ी छोटी और हल्की सी गदबदी और दूसरी लंबी, सांवली और पतली-दुबली थी। दोनों में से कोई पैंतीस से ज्यादा की नहीं दिखती थी।’’

किताब की खूबी


किताब की खूबी इसकी लिखने की शैली है। ये एक अलग प्रकार का यात्रा विवरण है। विवरण से ज्यादा ये कुछ जगहो के बारे में आज और कल दिखाता है। भाषा बेहद साधारण और सहज है। शब्दों का चयन बेहतरीन है जिसे कोई भी आसानी से समझ सकता है। किताब जानकारी से तो भरी हुई है साथ में यात्रा के पड़ाव को एक और चरण पर ले गये हैं, अनजानी जगहों की ओर।

किताब किसके लिए है और कौन पढ़े। जिनको घूमना पसंद है, पढ़ना पसंद है । वे बेफ्रिकी से इस किताब को ले सकते हैं। ये किताब उनको निराश नहीं करेगी। किताब जो पढ़ेगा उनको इन जंक्शनों को देखने का मन करेगा।
चाय, चाय बिश्वनाथ घोष की बेहतरीन किताब है। ऐसी जगहों के बारे में बेहतरीन और बेतरतीब तरीके से लिखा है। जिनको बस जंक्शन में देखा गया है। वो अगर न हों तो लोग अपनी मंजिल पर न जा पायें। ये यात्रा विवरण दिलचस्प सफरनामे पर ले जाता है।

इस किताब को पढ़ने के बाद आप उन शहरों में जायें न जाये लेकिन उस जगहों के बारे में जरूर जान जायेंगे। जिसे लेखक ने बताया है। किताब कहीं भी बोरियत नहीं लाती। हर जंक्शन के बाद किताब में बुकमार्क लगाकर आप सोचने लगेंगे। उस जगह के बारे में जिसे अभी पढ़ा है और आपको भी आवाज आयेगी- चाय, चाय।

बुक- चाय, चायलेखक- बिश्वनाथ घोषअनुवाद- शुचिता मीतलप्रकाशन- यात्रा बुक्स।

नेताओं के पीछे नारे लगाने वाले गुम हो जाते हैं, बस ऐसी ही है ‘जनता स्टोर’

राजनीति पर काफी कुछ कहा जाता है और कहा गया है। राजनीति पर किस्से भी बहुत लिखे गये हैं लेकिन किताब वाली कहानी कम ही गढ़ी गई है। जो राजनीति का हर पैंतरा करीब से बताए, हर तोड़-मोड़ को सही बिठाये। ये सब बताने के लिए एक किताब आई है- जनता स्टोर।

जनता स्टोर राजस्थान की युवा राजनीति पर एक उपन्यास है। जो काफी चक्कर लगाती है, हर सीन में सिर्फ राजनीति ही घुली होती है। चाहे दोस्त के लिए लड़ाई हो या प्यार का कोई किनारा। ये गली के नुक्कड़ से, सीएम के दफ्तर तक की कहानी को बयां करती है।
इस किताब को लिखा है नवीन चौधरी ने। नवीन चौधरी मधुबनी बिहार में पैदा हुये। लेकिन परवरिश और पढ़ाई जयपुर में हुई। उसी दौरान छात्र राजनीति को बड़े करीब से देखा और उसी को माध्यम बनाकर एक बेहतरीन किताब लिख डाली। पेशे से मार्केटिंग हेड नवीन चौधरी को फोटोग्राफी और व्यंग्य लेखन का भी शौक है। इनके लेखन को इनके ब्लाॅग ‘हिंदीवाला ब्लाॅगर’ पर पढ़ सकते हैं।


किताब की कहानी

किताब में छात्र राजनीति है लेकिन राजनीति में छात्र ऐसे ही नहीं घुसते। एक टर्निंग प्वाइंट होता है जो कुछ लड़कों को राजनीति में धकेल ले जाता है। कहानी बस उन्हीं लड़कों के माध्यम से चलने लगती है। कहानी में बहुत सारे किरदार हैं और सब के सब राजनीति के मोहरे। सब अपना फायदा देखते हैं। राजनीति को बिना तले का लोटा कहा गया है वो इस कहानी में बखूबी दिखाई देता है।
कहानी दो एंगलों से चलनी शुरु होती है। एक नजरिया होता है छात्रों की तरफ से और दूसरा नजरिया, राज्य की मुख्य राजनीति का। इसलिए ये कहना गलत है कि ये सिर्फ छात्र राजनीति की कहानी है। ये कहानी राजनीति की धरा है जिसमें छात्र भी किरदार है और नेता भी।
कहानी तारीख बदलते ही किस्सा बदल लेती है। लेकिन बाद में किस्से और तारीख एक होने लगते हैं और राजनीति की चालें भी। कहानी में चुनाव होते हैं और उन्हीं चुनाव के लिए रणनीति बनने लगती है। कुर्सी का मोह इस कहानी से अच्छी तरह समझा जा सकता है। हर दिन नई चालें और हर दिन हार-जीत के गठजोड़। कहानी पढ़ते हुये लगता है कि सबसे मजबूत मयूर का पक्ष रखा जा रहा है लेकिन कहानी बढ़ने के साथ ही उसका असल पक्ष समझ में आता है।
कहानी में सबसे ज्यादा जोर जाति पर ही दिया गया है। जाति के लिए ही हर किस्से को गढ़ा गया। हर कोई जाति को वोट बैंक बनाने के लिए दौड़ता है। ऐसा लगता है कि कहानी और वास्तविक राजनीति यही है। कहानी कुछ इस तरह लिखी गई है कि पढ़ने के साथ आप उसमें डूबने लगते हैं, एक सस्पेंस आपको आगे पढ़ने के लिए प्रेरित करता है। कहानी में जब-जब मयूर के साथ गलत होता है लगता है पाठक के साथ भी गलत हो रहा है।
लेखक ने कहानी के दृश्यों को अच्छी तरह से दिखाया है। उसे पढ़कर हर किरदार को समझा जा सकता है। पढ़ते-पढ़ते मयूर से लेकर सिकंदर बेनीवाल तक सब किरदार हमारे मन में बैठने लगते हैं। कहानी का अंत चौंकाने वाला है। कहानी अंत में किरदारों से सपोलों में बदल जाती है। जिसके लिए कहानी शुरु हुई थी हर किरदार वो सब पाकर भी कुछ नहीं पा पाता। कहानी खत्म हो जाती है और नेता के पीछे नारे लगाने वाले गुम हो जाते हैं।

हर बात राजनीति

जनता स्टोर कहती है कि राजनीति में सिर्फ राजनीति होती है। आपका कुछ पर्सनल नहीं होता। आप चाहे प्यार कर लो या दोस्ती। आपका प्यार भी राजनीति बन जायेगा और दोस्ती भी। किताब में हर व्यक्ति राजनीति ही करते नजर आयेगा। एक लाइन में कहें तो अपने से आगे वाले को पीछे धकेलना ही राजनीति है। कहानी में ढेर सारे किरदार होने के बाद भी, पाठक कहीं उलझता नहीं है क्योंकि सारे किरदार आपसें में जुड़े ही रहते हैं।

किताब से कुछ

चुनाव हारने के बाद मयूर को इतना सदमा लगा कि वह बीमार हो गया। एक हफ्ते तक घर से नहीं निकला और न ही हम लोगों से बात की। हम बीच में मिलने गए तो ऐसा लगा, जैसे रो देगा। देवदास भी पारो के गम में इतना उदास नहीं हुआ, जितना मयूर चुनाव से। एक हफ्ते बाद जब वो घर से बाहर आया तो रोज हम सबको लेकर किसी-न-किसी थियेटर में फिल्म देखने जाता। तीन दिन के अंदर थियेटर में लगी सभी फिल्में देख डालीं।

किताब की खूबी

किताब की खूबी इसकी कहानी के फ्लो में है। जो आपको बांधे रखती है। किताब का कोई न कोई किरदार पाठक को प्रभावित करेगा। बतौर पाठक मेरे लिए वो किरदार मयूर है। कहानी का उतार-चढ़ाव भी कहानी की ताकत बन जाता है। कहानी में मैं इस तरह बंधा था कि मैं हर रोज मेट्रो में किताब को पढ़ता और फिर मेट्रो में पहुंचने के वक्त का इंतजार करता। इसलिए क्योंकि जनता स्टोर मेरा इंतजार कर रहा होता है।
इस किताब को वो पाठक पढ़ना पसंद करेंगे जो राजनीति में दिलचस्पी रखते हैं, खासकर छात्र राजनीति वाले। जो राजनीति से इत्तेफाक नहीं रखते वो भी पढ़ सकते हैं क्योंकि अच्छी किताब पढ़ते रहना चाहिए। इस किताब को वो लोग भी पढ़ सकते हैं जिन्हें अमूमन हिंदी की किताबों में दिलचस्पी नहीं होती। इसकी खास वजह है कि किताब की भाषा आम बोलचाल की भाषा है। जिसे समझने में आपको दिक्कत नहीं आयेगी।
राजनीति पर कहानी के रूप में एक बेहतरीन किताब है, जनता स्टोर। इसे पढ़ा जाना चाहिए। कहानी बोरिंग वाली बिल्कुल नहीं है। एक बार पढ़ने पर आप कहानी के अंत तक जरुर जाना चाहेंगे। ये शायद लेखक की खूबी है कहानी राजनीति पर होते हुए भी बेहतरीन तरीके से लिखी गई है। जिससे पाठक मोबाइल में उंगली सरकाने की बजाय, किताबों के पन्नों पर सरकायें।

किताब- जनता स्टोर,
लेखक- नवीन चैधरी,
प्रकाशक- फंडा(राधाकृष्ण का उपक्रम)